शंखनाद

Nag Panchami 2025: नागों के दर्शन बिना क्यों अधूरी है नाग पंचमी की पूजा ,जाने यहाँ

Nag panchami 2025: भारतवर्ष में नाग पंचमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और प्राचीन सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा हुआ है। यह पर्व हर साल श्रावण मास की शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाता है और इस बार नाग पंचमी 29 जुलाई 2025 को मनाई जा रही है। यह दिन खासतौर पर नाग देवताओं की पूजा, कालसर्प दोष से मुक्ति और सर्प भय से सुरक्षा के लिए समर्पित होता है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नाग देवता न केवल भगवान शिव के गले में सुशोभित होते हैं, बल्कि भगवान विष्णु के सिंहासन भी हैं, साथ ही पृथ्वी को शेषनाग ने अपने फन पर उठा रखा है। नाग देवता का हिंदू धर्म में इतने महत्व को देखते हुए नाग पंचमी का पर्व मनाया जाता है। इस दिन नागों को दूध, अक्षत, कुश और चंदन अर्पित कर विशेष पूजा की जाती है। माना जाता है कि इस दिन विधिपूर्वक पूजन करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और परिवार में सुख-शांति आती है।

सावन शुक्ल पंचमी को मनाए जाने वाले नागपंचमी के त्योहार में नागों की पूजा की जाती है। साथ ही भगवान शिव का अभिषेक किया जाता है। नागपंचमी मनाने की वजह यह है कि इस दिन आस्तिक मुनि ने नागों की रक्षा की थी। पंचमी तिथि पर नाग देवता की पूजा के साथ सर्पदंश के भय से मुक्ति दिलाने का आशीर्वाद मांगा जाता है। ऐसे में आइये जानते हैं नागों के बारे में कुछ खास धार्मिक बातें।

माना जाता है कि सावन मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को आस्तिक मुनि ने नागों को जनमेजय के नाग यज्ञ से बचाया था। तब नागों ने आस्तिक मुनि को वचन दिया था कि जो सावन शुक्ल पंचमी तिथि पर नागों की पूजा करेगा, उसे नागों के काटने का डर नहीं होगा। इसके साथ ही नाग देवता का आशीर्वाद भी उसे मिलेगा। भविष्य पुराण में सांप के काटने को अकाल मृत्यु का दर्जा दिया गया है। माना जाता है कि जिन लोगों को सांप काटते हैं वे अगले जन्म में बिना जहर वाले सांप बनते हैं। इसलिए सांप के काटने से जान गंवाने वाले लोगों का तर्पण-श्राद्ध जरूर करना चाहिए। इससे उन्हें सर्पयोनि से जल्दी छुटकारा मिल सकता है।

भविष्य पुराण में नागों के बारे में विस्तार से बताया गया है। इसकी मानें तो नागिन जब अंडे देती है तो वह कई अंडे खा जाती है। जो अंडे बच जाते हैं उनसे नाग का जन्म होता है। और जन्म के बाद सांपों के अंदर जहर पनपता है। यही नहीं नागों के जहरीले दांतों और जहर का भी रहस्य है। नागों के दांतों के बारे में भविष्य पुराण कहता है कि उसके कुछ ही दांत जहर उगलते हैं और जरूरी नहीं होता है कि सांप के काटने पर मृत्यु तय ही हो। कई बार व्यक्ति जीवित भी बच जाता है।

नवीनतम

श्रेणियाँ